– जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन पर उपलब्धियों का हुआ सम्मान
डिंडौरी न्यूज। करीब साढ़े तीन माह तक चले जल गंगा संवर्धन अभियान के सफल समापन पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिले द्वारा जल संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की उपलब्धियों को साझा किया गया। अभियान के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर डिंडौरी ने पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल कर प्रदेश और जिले का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। समारोह में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, विधायक पंकज सिंह तेकाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू ब्यौहार, सांसद प्रतिनिधि सुधीर दत्त तिवारी, पूर्व अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत, पूर्व विधायक दुलीचंद उरैती सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
– जनभागीदारी से बदली जल संरक्षण की तस्वीर
शासन के निर्देशानुसार 19 मार्च 2026 से प्रारंभ हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में ग्रामीण विकास विभाग ने ग्राम पंचायत, विकासखंड और तहसील स्तर पर व्यापक स्तर पर जल संरक्षण संबंधी कार्य कराए।
अभियान के दौरान तालाबों का जीर्णोद्धार, स्टॉप डेम, खेत तालाब, डगवेल, नालों एवं नदियों का संरक्षण, नहरों का सुधार, सोकपिट, कंटूर ट्रेंच, स्प्रिंग ड्रॉप तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी अनेक संरचनाओं का निर्माण एवं विकास किया गया। इसके साथ ही शासकीय एवं अर्द्धशासकीय भवनों में भी वर्षा जल संचयन की प्रभावी व्यवस्थाएं विकसित की गईं।
– 364 ग्राम पंचायतों में हुआ व्यापक कार्य
अभियान के तहत जिले की 364 ग्राम पंचायतों में जनभागीदारी के साथ जल संरक्षण के कार्य संपन्न किए गए। इन प्रयासों से जिले में 31 लाख 21 हजार 200 घनमीटर जल संग्रहण क्षमता का सृजन हुआ, जिससे हजारों ग्रामीणों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इन कार्यों से भू-जल स्तर में सुधार होगा तथा भविष्य में जल संकट की स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।
– जल संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी – फग्गन सिंह कुलस्ते
मुख्य अतिथि सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। जल गंगा संवर्धन अभियान ने जिले में जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में सराहनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि “जल ही जीवन का आधार है और इसे बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
उन्होंने ग्रामीणों से जल संरचनाओं के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने और वर्षा जल संचयन को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। सांसद ने अभियान में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आमजन को बधाई देते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही ऐसे अभियान सफल बनते हैं।
– राष्ट्रीय स्तर पर बनी डिंडौरी की पहचान : ओमप्रकाश धुर्वे
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि संसाधनों की दृष्टि से पिछड़े जिले के रूप में पहचान रखने वाले डिंडौरी ने जिला प्रशासन के सतत प्रयासों और जनता की सहभागिता से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों का परिणाम आज पूरे देश के सामने है।
उन्होंने अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को बधाई देते हुए इसे सामूहिक प्रयासों की सफलता बताया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
– जनप्रतिनिधियों ने सराहा अभियान
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू ब्यौहार एवं जनपद सदस्य श्रीमती कीर्ति गुप्ता ने भी जल संरक्षण के क्षेत्र में जिले द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव हैं।
भविष्य के लिए मजबूत आधार
जिला प्रशासन का मानना है कि अभियान के तहत निर्मित जल संरचनाओं से वर्षा जल का भूमिगत संचयन बढ़ेगा, भू-जल स्तर में सुधार आएगा और भविष्य में कृषि एवं पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। जल गंगा संवर्धन अभियान में डिंडौरी की राष्ट्रीय स्तर पर तीसरी रैंक जिले के सामूहिक प्रयास, प्रशासनिक प्रतिबद्धता और जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है।










