– राज्य सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में कसावट लाने के उद्देश्य से जारी किए आदेश, कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी का प्रभार भी सौंपा गया
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 23 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। मंत्रालय, वल्लभ भवन भोपाल से 18 जून 2026 को जारी आदेश के अनुसार विभिन्न जिलों में पदस्थ सहायक संचालक, प्राचार्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक एवं अन्य अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के अनुसार कई अधिकारियों को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में सहायक संचालक के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। शासन का उद्देश्य शिक्षा विभाग की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना तथा जिलों में बेहतर समन्वय स्थापित करना बताया जा रहा है।


इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत सच्चिदानंद पाण्डेय को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) सतना के प्राचार्य पद से स्थानांतरित कर जिला शिक्षा अधिकारी कटनी बनाया गया है। वहीं गौतम बर्वे को अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, जबलपुर से सहायक संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय डिंडौरी में पदस्थ किया गया है। इससे डिंडौरी जिले के शिक्षा प्रशासन को नई प्रशासनिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसी प्रकार आकाश सिंह यादव को शिवपुरी, ऐश्वर्या मड्डा को अशोकनगर, आकांक्षा रावत को पन्ना, अमित जैन को टीकमगढ़, धनश्री जैन को छतरपुर, पुष्पेन्द्र सस्तिया को धार, सिद्धांत बागड़े को सतना, अतुल चौधरी को शहडोल, शीलू शर्मा को राजगढ़, सिमरन सूर्यवंशी को रतलाम, बलवंत पटेल को खण्डवा, टीपीशरिया अचले को अलीराजपुर, तेजसिंह राठौर को खरगोन, दीपा कीर को शाजापुर, प्रवीण कुमार तिवारी को नरसिंहपुर, सावन पाटीदार को सीहोर तथा अभिनंद आर्य को भोपाल में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इसके अलावा प्राचार्य संवर्ग के अधिकारियों में भी परिवर्तन किए गए हैं। प्रेम लाल मिश्रा को प्रभारी सहायक संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रीवा, एस.एस. राठौर को प्रभारी सहायक संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय गुना तथा उदित नारायण मिश्रा को प्रभारी सहायक संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय दतिया का दायित्व सौंपा गया है। वहीं संजय तोमर को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी सीहोर से स्थानांतरित कर शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय चिमनाबाई, देवास का प्राचार्य नियुक्त किया गया है।







