होम राज्य मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़़ क्राइम न्यूज इंटरनेशनल न्यूज कोर्ट न्यूज राजनीति संसदीय संपादकीय अर्थ जगत हेल्थ शिक्षा खेल विज्ञान

सियासी तनातनी के बीच बजाग आईटीआई का शुभारंभ : विधायक ओमकार मरकाम बोले, युवाओं का भविष्य राजनीति से बड़ा

akvlive.in

Published

– राजनीतिक विवाद के बीच विधायक ओमकार मरकाम ने किया बजाग आईटीआई का उद्घाटन

बजाग/डिंडौरी। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बजाग के उद्घाटन को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहे राजनीतिक विवाद और प्रशासनिक असमंजस के बीच सोमवार को क्षेत्रीय विधायक ओमकार मरकाम ने संस्थान का विधिवत उद्घाटन कर दिया। उद्घाटन समारोह में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राधेश्याम कुशराम, जनपद सदस्य लोकेश पटेरिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि आईटीआई भवन के शिलालेख में भाजपा नेताओं के नाम शामिल नहीं किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। भाजपा नेताओं ने इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए कलेक्टर के समक्ष धरना प्रदर्शन किया था, जिसके बाद कार्यक्रम को लेकर असमंजस की स्थिति निर्मित हो गई थी। हालांकि विभाग द्वारा उद्घाटन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और आमंत्रण पत्र भी वितरित किए जा चुके थे।

इसी बीच विधायक ओमकार मरकाम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आईटीआई परिसर पहुंचे और भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर फीता काटकर संस्थान का शुभारंभ किया। उद्घाटन के साथ ही क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई तथा आदिवासी एवं ग्रामीण अंचल के युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के नए द्वार खुल गए।

– तकनीकी शिक्षा से मिलेगा रोजगार का रास्ता

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ओमकार मरकाम ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास में तकनीकी शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि बजाग जैसे दूरस्थ आदिवासी क्षेत्र के युवाओं को अब रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। आईटीआई संस्थान उन्हें आधुनिक तकनीकी कौशल प्रदान कर रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश के विकास में कुशल युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा यह संस्थान क्षेत्र के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

– विद्यार्थियों को समय का महत्व समझाया

विधायक ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें समय के महत्व को समझने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय का सदुपयोग ही सफलता की कुंजी है। यदि विद्यार्थी अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों में लगाएंगे तो वे निश्चित रूप से अपने जीवन के लक्ष्य हासिल कर सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और लगन के साथ अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज का युवा ही कल का भविष्य है और वही समाज तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

– नशामुक्ति का दिया संदेश

अपने संबोधन में विधायक ने युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की सीख भी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, स्वास्थ्य और भविष्य को नष्ट कर देता है। युवाओं को अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए ताकि वे अपने परिवार, क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर सकें।

– वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। विधायक सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की गई। कार्यक्रम में आईटीआई प्राचार्य विजय केशरवानी, मंडल अध्यक्ष अंकित ठाकुर, संगठन मंत्री उत्तम ठाकुर, सचिन नंदा, मानिक मरावी, सुकृत मरावी, पप्पू पांडे, मंगलेश्वर नंदा सहित संस्थान का स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

विवादों के बीच शिक्षा को मिली प्राथमिकता

राजनीतिक विवाद और शिलालेख को लेकर उठे विवाद के बावजूद आईटीआई का उद्घाटन होना जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर जहां कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी रही, वहीं दूसरी ओर विधायक ओमकार मरकाम ने उद्घाटन कर यह संदेश देने का प्रयास किया कि शिक्षा, कौशल विकास और युवाओं के भविष्य से जुड़े विकास कार्य राजनीतिक मतभेदों से ऊपर होने चाहिए। क्षेत्रवासियों ने आईटीआई के शुभारंभ को बजाग क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..