—Advertisement—

मानसून से पहले अलर्ट मोड पर नगर परिषद डिंडौरी : CMO रीना राठौर ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण

एडीटर: Chetram Rajpoot June 12, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी। आगामी वर्षा ऋतु में नगरवासियों को जलभराव और गंदगी जैसी समस्याओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर परिषद डिंडौरी ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर अंजू पवन भादौरिया के निर्देशन एवं नगर परिषद अध्यक्ष के आदेशों के तहत नगर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं जल निकासी अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सुश्री रीना राठौर ने शुक्रवार को नगर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर नाला सफाई एवं कचरा निष्पादन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ वार्ड क्रमांक 09 पहुंचीं, जहां चल रहे नाला सफाई कार्यों का उन्होंने बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पहले सभी प्रमुख और सहायक नालों की सफाई पूरी कर ली जाए, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो और नागरिकों को जलभराव जैसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

सीएमओ रीना राठौर ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल नालों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नगर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना भी है। इसके लिए नियमित सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं तथा लंबे समय से विभिन्न स्थानों पर जमा कचरे के ढेरों को हटाकर उनका वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन किया जा रहा है।


उन्होंने सफाई अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर परिषद प्रशासन वर्षा ऋतु पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर स्वच्छता प्रभारी अनिकेत बैंस, कार्यालय अध्यक्ष आशीष कोरी, समाजसेवी अजय बर्मन सहित नगर परिषद का अमला उपस्थित रहा।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment