—Advertisement—

दो माह से वेतन नहीं, सफाईकर्मियों का धरना : डिंडौरी नगर परिषद को मिला नया सीएमओ

एडीटर: Chetram Rajpoot June 11, 2026

—Advertisement—

 – नेता प्रतिपक्ष ज्योतिरादित्य भलावी के नेतृत्व में प्रदर्शन, वेतन भुगतान और प्रशासनिक व्यवस्था सुधारने की उठी मांग

डिंडौरी न्यूज । नगर परिषद डिंडौरी के सफाईकर्मियों को पिछले दो माह से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के सामने परिवार के भरण-पोषण, राशन व्यवस्था, बैंक किस्तों के भुगतान तथा उधारी चुकाने जैसी गंभीर समस्याएं खड़ी हो गई हैं। इस स्थिति के विरोध में नगर परिषद के नेता प्रतिपक्ष ज्योतिरादित्य भलावी ने सफाईकर्मियों के साथ धरना प्रदर्शन कर शीघ्र वेतन भुगतान की मांग उठाई।

धरने के दौरान नेता प्रतिपक्ष ज्योतिरादित्य भलावी ने कहा कि नगर परिषद प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा सफाईकर्मियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले होली जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान भी सफाईकर्मियों का लगभग तीन माह का वेतन लंबित था। उस समय भी कर्मचारियों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन किया गया था, जिसके बाद उनका वेतन जारी किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद अध्यक्ष एवं प्रशासनिक व्यवस्था की कमजोरियों के कारण बार-बार ऐसी स्थिति निर्मित हो रही है।

भलावी ने कहा कि नगर परिषद में प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) होने तथा वित्तीय अधिकारों से संबंधित प्रक्रियाओं में विलंब के कारण न केवल कर्मचारियों का वेतन प्रभावित हो रहा है, बल्कि नगर विकास से जुड़े कई कार्य भी बाधित हो रहे हैं। सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों की स्वीकृति और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

मामले की जानकारी मिलने पर डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने नेता प्रतिपक्ष ज्योतिरादित्य भलावी से दूरभाष पर चर्चा कर पूरी स्थिति की जानकारी प्राप्त की। चर्चा के दौरान उन्हें नगर परिषद में प्रशासनिक प्रभार और वित्तीय अधिकारों से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से नगर परिषद शाहपुरा की मुख्य नगर पालिका अधिकारी रीना राठौड़ को नगर परिषद डिंडौरी का संपूर्ण प्रभार सौंपने के आदेश जारी किए। इस निर्णय से नगर परिषद में लंबित प्रशासनिक कार्यों को गति मिलने तथा कर्मचारियों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment