डिंडौरी। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में खनिज विभाग की टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए ओवरलोड गिट्टी का परिवहन कर रहे एक हाइवा वाहन को जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की टीम ने 1 जून 2026 को ग्राम सक्का, तहसील एवं थाना डिंडौरी क्षेत्र में नियमित निरीक्षण के दौरान वाहन क्रमांक MP52ZA8144 को रोका। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त हाइवा वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक मात्रा में खनिज गिट्टी का परिवहन कर रहा था। वाहन द्वारा खनिज नियमों का उल्लंघन किए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे जब्त कर लिया गया।
वाहन चालक की पहचान अर्जुन सोनवानी पिता मदन सिंह, निवासी ग्राम ओड़हारी, तहसील घुघरी, जिला मंडला के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद जब्त हाइवा वाहन को सुरक्षार्थ थाना कोतवाली डिंडौरी परिसर में खड़ा कराया गया है।
खनिज विभाग ने वाहन के विरुद्ध प्रचलित खनिज नियमों एवं अधिनियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार मामले में नियमानुसार वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है तथा प्रकरण को सुनवाई एवं आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।










