– विधायक ओमप्रकाश धुर्वे बोले, कौशल विकास से ही युवा बनेंगे आत्मनिर्भर
डिंडौरी जिले के समनापुर में युवाओं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “बीपी ठाकुर एंड सोल्यूशन प्रशिक्षण केंद्र” का शुभ उद्घाटन शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राधा-कृष्ण के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पूजा-अर्चना के साथ पारंपरिक विधि-विधान से किया गया।
उद्घाटन अवसर पर विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने प्रशिक्षण केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन, संवाद कौशल और व्यक्तित्व विकास से जोड़ने वाले ऐसे प्रयास समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, पब्लिक स्पीकिंग और सॉफ्ट स्किल्स भी सफलता के लिए बेहद आवश्यक हैं। इस प्रकार के प्रशिक्षण केंद्र ग्रामीण प्रतिभाओं को नई दिशा और अवसर प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, व्यक्तित्व विकास, पब्लिक स्पीकिंग और सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित अतिथियों ने भी इस पहल को ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से श्री जयसिंह राजपूत (समनापुर क्षेत्र राठौर समाज अध्यक्ष), श्री भुवनेश्वर राजपूत, श्री लल्ला गौतम (राज्यपाल पुरस्कृत एवं सेवानिवृत्त शिक्षक), श्री कृष्ण कुमार गौतम (पत्रकार), श्री लक्ष्मी पड़वार सहित अनेक गणमान्य नागरिक, युवा एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण केंद्र के संचालक श्री भुवनेश्वर प्रसाद ठाकुर ने बताया कि “बीपी ठाकुर ट्रेनिंग एंड सोल्यूशन” के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को पब्लिक स्पीकिंग, सॉफ्ट स्किल्स, व्यक्तित्व विकास, करियर मार्गदर्शन एवं आत्मविश्वास निर्माण संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उद्देश्य यह है कि ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी आधुनिक कौशलों से सशक्त होकर अपने सपनों को आत्मविश्वास के साथ पूरा कर सकें। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण बना रहा। उपस्थित लोगों ने इस पहल को शिक्षा और व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में समनापुर के लिए एक सकारात्मक शुरुआत बताया।










