—Advertisement—

सरकारी जमीन पर कुएं को लेकर बढ़ा विवाद, दो पक्षों में मारपीट

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot May 22, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज । जिले के गाड़ा सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गन्नागुड़ा में शासकीय भूमि पर बने कुएं को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद गहराने का मामला सामने आया है। कुएं को पाटने के प्रयास के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पीड़ित पक्ष ने मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार पीड़िता रोशनी जैतवार ने गाड़ा सरई थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। रोशनी ने बताया कि वह भोपाल स्थित एक धागा कंपनी में कार्यरत है, जबकि उसके माता-पिता गांव में उसके नाना दयाराम मरावी के घर पर रहते हैं। घर के समीप स्थित शासकीय भूमि पर लगभग तीन वर्ष पूर्व ग्रामीणों के उपयोग एवं निस्तार के लिए एक कुआं खुदवाया गया था। समय के साथ कुएं की मिट्टी झरने लगी, जिसके चलते उसकी मरम्मत और जुड़ाई का कार्य कराया जा रहा था।

पीड़िता के मुताबिक 20 मई 2026 को दोपहर करीब एक बजे गांव के संतोष श्याम, पिच्चू गौड़, अजमेर पट्टा और शंकर पट्टा जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे और कुएं को पाटने लगे। जब उसने और उसके परिजनों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और बाद में मारपीट शुरू कर दी।

रोशनी जैतवार का आरोप है कि विवाद के दौरान अजमेर पट्टा ने उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और घसीटते हुए थप्पड़ मारे। वहीं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पीड़ित परिवार ने घटना का वीडियो भी बनाया है, जिसे साक्ष्य के रूप में प्रशासन को सौंपने की बात कही जा रही है। पीड़ितों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की है और पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। फिलहाल गाड़ा सरई पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment