—Advertisement—

स्कूल भवन बना भ्रष्टाचार का अड्डा? ग्रामीणों ने जांच नहीं होने पर दी चक्का जाम की चेतावनी

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot May 19, 2026

—Advertisement—

5 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो चक्का जाम आंदोलन की चेतावनी

डिंडौरी। जिले के समनापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सरई में निर्माणाधीन हायर सेकेंडरी स्कूल भवन को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामवासियों, सरपंच, उपसरपंच एवं पंचगणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि गांव में लगभग 48 लाख रुपए की लागत से हायर सेकेंडरी स्कूल के अतिरिक्त भवन का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य ठेकेदार द्वारा बेहद घटिया तरीके से कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि भवन निर्माण में कॉलम के नीचे आवश्यक चटाई और जाली तक नहीं डाली जा रही है, जिससे भविष्य में भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो सकते हैं और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले को लेकर वे 25 अप्रैल 2026 को आयोजित जनसुनवाई में भी आवेदन देकर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे गांव के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद निर्माण कार्य उसी तरह जारी है और गुणवत्ता संबंधी नियमों की अनदेखी की जा रही है।

आवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि 5 दिनों के भीतर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं की गई, तो समस्त ग्रामवासी चक्का जाम आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाकर तकनीकी जांच कराई जाए तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment