—Advertisement—

होम /

Dindori News: नवागत पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने संभाली डिंडौरी जिले की कमान

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot May 18, 2026

—Advertisement—

– अपराध नियंत्रण और जनविश्वास को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

डिंडौरी न्यूज । जिले को आज नए पुलिस अधीक्षक के रूप में अनुभवी नेतृत्व मिला, जब आशीष खरे ने विधिवत रूप से पुलिस अधीक्षक पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते ही पुलिस कार्यालय परिसर में स्वागत और अभिनंदन का माहौल देखने को मिला। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक श्री खरे ने जिले की कानून व्यवस्था, कार्यालयीन कार्यप्रणाली एवं विभागीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए स्पष्ट संकेत दिए कि जिले में प्रभावी पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और आमजन के साथ बेहतर समन्वय उनकी प्राथमिकता रहेगी।

इसी दौरान पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने विभाग के सात कर्मचारियों को आरक्षक से प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नति उपरांत वरिष्ठ पदभार भी ग्रहण कराया। उन्होंने पदोन्नत कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं बल्कि जिम्मेदारियों में वृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से ईमानदारी, निष्ठा और मेहनत के साथ अपने नए दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

पदोन्नत कर्मचारियों में निक्की सोनकर, केवश प्रसाद कोकड़िया, लक्ष्मण सिंह मरावी, योगेश नेवारे, श्याम कुमार तिवारी, दिलीप कुमार सनोडिया एवं हेमंत कुमार झारिया शामिल हैं। इस अवसर पर एसडीओपी सतीष द्विवेदी, थाना प्रभारी कोतवाली दुर्गा प्रसाद नागपुरे सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

पदभार ग्रहण के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक श्री खरे ने पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं कार्यालयीन स्टाफ की अपराध समीक्षा एवं परिचयात्मक बैठक भी ली। बैठक में लंबित अपराधों, गंभीर प्रकरणों, फरार एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी, संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी गश्त सुनिश्चित करें तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। मादक पदार्थों की तस्करी, असामाजिक गतिविधियों और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि निगरानी बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर सतत नजर रखी जाए।

पुलिस अधीक्षक श्री खरे ने बीट व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने, आमजन के साथ संवाद बढ़ाने तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं बेहतर समन्वय स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment