– शाहपुर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा तस्करी का वाहन, कई आरोपी गिरफ्तार
डिंडौरी। जिले में अवैध गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ डिंडौरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 भैंस पड़े एवं तस्करी में प्रयुक्त एलपीडी 407 वाहन को जप्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जप्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक डिंडौरी द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों एवं गौवंश तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी शहपुरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक केवल सिंह परते द्वारा विशेष टीम गठित कर लगातार निगरानी और सूचना संकलन किया जा रहा था।

दिनांक 17 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक एलपीडी 407 वाहन में अवैध रूप से गौवंश का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस टीम ने ग्राम सक्का से मालपुर मेन रोड स्थित ग्राम खम्हरिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहन क्रमांक MP 09 GF 1518 में 11 नग भैंस पड़े ठूंस-ठूंस कर क्रूरतापूर्वक भरे हुए पाए गए। पुलिस ने मौके पर सभी पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराते हुए वाहन सहित जप्त कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 140/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(घ), 11(1)(e), 11(1)(f), 11(1)(h) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पकड़े गए आरोपियों में वाहन चालक अज्जू खान निवासी छतरपुर, परिचालक मेहमूद खान निवासी जबलपुर तथा वाहन स्वामी फिरोज खान सहित अन्य आरोपी शामिल हैं। वहीं आजाद खान एवं भोला खान को सप्लायर तथा जुल्फीकार निवासी जबलपुर को गौवंश मंगवाने वाला बताया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक केवल सिंह परते, एएसआई श्यामलाल उर्वे, एएसआई अतुल हरदहा, प्रधान आरक्षक खेमराज, आरक्षक अंकित मरावी एवं कमलेश भवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












