डिंडौरी न्यूज। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 26 अप्रैल को आबकारी विभाग, वृत्त डिंडौरी द्वारा विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर प्रभावी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 07 प्रकरण दर्ज करते हुए बड़ी मात्रा में कच्ची एवं विदेशी शराब जब्त की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीम ने वार्ड क्रमांक 2 निवासी श्रीमती इशू बाई से 7 लीटर, श्रीमती कौशल्या बाई से 8 लीटर तथा श्रीमती पार्वती बाई से 7 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब बरामद की। वहीं वार्ड क्रमांक 13 में नरेंद्र कुमार के कब्जे से 8 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई।
इसके अलावा भैंसलगान क्षेत्र में एक किराना दुकान पर छापेमारी के दौरान श्री राधेश्याम बर्मन के पास से 15 पाव विदेशी मदिरा बरामद हुई। वार्ड क्रमांक 5 स्थित एक ढाबे में संचालक मोईन के पास से 16 पाव जीनियस रम और 8 पाव गोवा व्हिस्की जब्त की गई। इसी तरह वार्ड क्रमांक 15 निवासी शैलेश कुमार के कब्जे से 13 पाव रॉयल सिलेक्ट विदेशी मदिरा बरामद की गई।
पूरी कार्रवाई में कुल 30 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब और 52 पाव विदेशी मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 12 हजार 760 रुपये बताई जा रही है। सभी आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी श्री बैधनाथ वासनिक के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक सम्हर सिंह धुर्वे, आबकारी आरक्षक राम भरोस ठाकुर, मनीष उइके, करिश्मा सलामे, नगर सैनिक कोता बाई, तोक सिंह मरावी एवं वाहन चालक कुलदीप उइके की टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।








