—Advertisement—

बैंक में डकैती के बाद अलर्ट मोड पर पुलिस प्रशासन : बैंक सुरक्षा को लेकर अहम बैठक, दिए निर्देश

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot April 19, 2026

—Advertisement—

मण्डला न्यूज । जिले में बैंक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा को लेकर मण्डला पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को योजना भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में आयोजित इस बैठक में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ ही सभी बैंकों और एनबीएफसी संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा, एसडीओपी पीयूष मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली शफीक खान सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही जिले के सभी शासकीय एवं निजी बैंक, लोन संस्थाओं एवं एनबीएफसी के ब्रांच मैनेजर, अधिकारी और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मीडिया प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद रहे।

हाल ही में सिंगरौली में हुई बैंक लूट की घटना का उल्लेख करते हुए पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बैंक सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संस्थाओं को सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बैंकों में आर्म्ड गार्ड की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने, बैंक परिसर के अंदर एवं बाहर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने, सायरन एवं अलार्म सिस्टम को हमेशा चालू रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा एटीएम और बिना गार्ड वाले स्थानों पर मोशन सेंसर लगाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं रेकी करने वालों पर कड़ी नजर रखने, मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पैनिक बटन एवं स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने सभी बैंक प्रतिनिधियों से स्थानीय गतिविधियों की जानकारी पुलिस के साथ साझा करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की। मण्डला पुलिस ने बताया कि जिले में बैंक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निगरानी और समन्वयात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment