डिंडौरी न्यूज। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 में पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विक्रमपुर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस अवसर पर विद्यालय में मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं छात्रा कुमारी अम्लेश्वरी धुर्वे, जिन्होंने कृषि संकाय में 95.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले की प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल रहा।
संस्था के प्राचार्य आर.एस. सैयाम ने अम्लेश्वरी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता ने न केवल उनके माता-पिता, बल्कि पूरे विद्यालय और ग्राम का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय का परीक्षा परिणाम भी सराहनीय रहा, जिसमें कक्षा 10वीं का परिणाम 92% और 12वीं का 86% दर्ज किया गया। इस दौरान कक्षा 10वीं और 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों—एकता मरावी, शायना ठाकुर, अंशिका राव, अयान खान, शिवम नामदेव, जितेंद्र यादव, रोशनी पड़वार सहित अन्य प्रतिभाशाली छात्रों को भी सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ शिक्षक अरुण राय ने इस सफलता का श्रेय प्राचार्य के कुशल नेतृत्व, विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन को दिया। समारोह में शिक्षकगण गुरुशरण नागेश, प्रताप सिंह मार्को, श्वेता राय, उषा चंदेल, सुंदरलाल परस्ते, आराधना गवले, रितुप्रिया खरे, कविता बर्मन, स्मिता यादव, मिथलेश टेकाम, सत्यनारायण उइके सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।












