– होनहार बेटी बनी पूरे मध्यप्रदेश के लिए प्रेरणा, मंत्री इंद्र सिंह परमार ने दी बधाई
मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के गुन्नौर क्षेत्र की होनहार छात्रा कु. प्रतिभा सिंह सोलंकी ने मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं बोर्ड परीक्षा में 500 में से 499 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है।
प्रतिभा की इस अभूतपूर्व सफलता से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा पन्ना जिला और मध्यप्रदेश गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को प्राप्त किया जा सकता है।

बताया जा रहा है कि प्रतिभा शुरू से ही पढ़ाई में अत्यंत मेधावी रही हैं और उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने जिस तरह यह मुकाम हासिल किया है, वह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।
प्रतिभा की शानदार सफलता पर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा जैसी बेटियां प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं और यह उपलब्धि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान को और मजबूती प्रदान करती है।
जिले भर में प्रतिभा की सफलता पर खुशी का माहौल है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने भी उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।












