—Advertisement—

होम /

दशगात्र भोज के बाद 78 लोग बीमार, प्रशासन की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot April 11, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज । जिले के विकासखंड मेंहदवानी अंतर्गत ग्राम पंचायत झामझोला में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम के दौरान भोजन करने के बाद अचानक बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रशासनिक और स्वास्थ्य अमले को मौके पर रवाना किया।

कलेक्टर के निर्देश पर एडीएम, एसडीएम और स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत गांव पहुंची और बीमार लोगों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। स्थिति को देखते हुए 108 एम्बुलेंस की मदद से लगभग 78 प्रभावित ग्रामीणों को जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदवानी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहगांव में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में भोजन करने के बाद लोगों में फूड पॉइजनिंग के लक्षण सामने आए, जिसके चलते वे अस्वस्थ हो गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डे के नेतृत्व में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता दीवान, जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. अमित जैन और बीएमओ मेंहदवानी डॉ. रनमत सिंह परस्ते की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी प्रभावितों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए ग्राम झामझोला में अस्थायी स्वास्थ्य शिविर भी स्थापित किया गया है, जहां लगातार निगरानी और उपचार किया जा रहा है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में डटी हुई है और हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल सभी मरीजों की हालत सामान्य है और उम्मीद है कि उन्हें शीघ्र ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और समन्वय से एक संभावित बड़ी जनस्वास्थ्य संकट को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment