डिंडौरी न्यूज । जिले में दवा विक्रय व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में औषधि निरीक्षक द्वारा शाहपुर एवं विक्रमपुर क्षेत्र में संचालित मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के प्रमुख मेडिकल प्रतिष्ठानों—जनता मेडिकल स्टोर्स, सूर्या मेडिकल स्टोर्स, शिव मेडिकल स्टोर्स, बालाजी मेडिकल स्टोर्स, हर्ष मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स, गुप्ता मेडिकल स्टोर्स एवं शिल्पा मेडिकल स्टोर्स—की गहन जांच की गई।

जांच में कई मेडिकल स्टोर्स पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इनमें बिना पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति के दवाओं की बिक्री, बिल बुक का उचित संधारण न होना तथा एक्सपायरी दवाओं को अन्य दवाओं के साथ रखा जाना प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन खामियों को जनस्वास्थ्य के लिए खतरा मानते हुए प्रशासन ने तत्काल सख्ती दिखाई।
औषधि निरीक्षक ने नियमों के उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर्स को फार्मासिस्ट की उपस्थिति सुनिश्चित होने तक अस्थायी रूप से बंद करा दिया। साथ ही संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दवा विक्रय से जुड़े सभी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में मेडिकल व्यवसायियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में आवश्यक कदम बताया है।












