– डिंडौरी की बेटी चाँदनी नरेती का कमाल: यूथ गेम्स से नेशनल तक पदकों की झड़ी
डिंडौरी न्यूज । जिले की होनहार कुश्ती खिलाड़ी चाँदनी नरेती ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने एक के बाद एक प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
खेलो मध्यप्रदेश यूथ गेम्स के तहत उज्जैन में आयोजित प्रतियोगिता में चाँदनी नरेती ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इसके बाद दिल्ली में आयोजित नेशनल ट्रायल में भी उन्होंने रजत पदक जीतकर नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। वहीं, अंबिकापुर में 28 से 31 मार्च 2026 तक आयोजित खेलो इंडिया नेशनल गेम्स में चाँदनी ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
सोमवार को डिंडौरी कलेक्टर ने चाँदनी नरेती को फूलमाला एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण के लिए हॉल की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को खाली भवन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
साथ ही, खिलाड़ियों द्वारा लंबे समय से की जा रही बैडमिंटन कोर्ट की मांग को भी गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को एक माह के भीतर नया कोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि वे अपनी समस्याएं सीधे उनसे साझा कर सकते हैं और खेल के क्षेत्र में हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
चाँदनी नरेती वर्तमान में शासकीय चंद्रविजय महाविद्यालय, डिंडौरी में बी.एस.सी. द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा हैं। वे ग्राम घेवरी, विकासखंड अमरपुर की निवासी हैं। उनके पिता शिव प्रसाद नरेती एवं माता सुनीता नरेती हैं।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के चेतराम अहिरवार, आरती सोंधिया, संतोषी यादव, क्रीड़ा अधिकारी मो. आमिर खान सहित खिलाड़ी के परिजन और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। चाँदनी की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।












