—Advertisement—

HPV वैक्सीनेशन पर आपत्तिजनक पोस्ट, प्रशासन सख्त: शिक्षिका पर गिरी निलंबन की गाज

एडीटर: Chetram Rajpoot April 5, 2026

—Advertisement—

राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक टिप्पणी करना एक शिक्षिका को भारी पड़ गया। मध्यप्रदेश के दमोह जिले के हटा ब्लॉक में कार्यरत माध्यमिक शिक्षक श्री दुर्गा प्यासी को कलेक्टर द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

बताया गया है कि शिक्षिका ने फेसबुक पर एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर आपत्तिजनक और तथ्यहीन पोस्ट साझा की थी, जिससे जनमानस में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी। प्रशासन ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए त्वरित कार्रवाई की।
जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित शिक्षिका पूर्व में भी अनुशासनहीन व्यवहार के कारण नोटिस में रह चुकी हैं। उनके इस कृत्य को शासकीय सेवक की गरिमा के विपरीत एवं कर्तव्य पालन में लापरवाही का परिचायक माना गया।

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि शासन की योजनाओं के संबंध में भ्रामक जानकारी फैलाना न केवल सेवा नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सार्वजनिक हित प्रभावित होता है।

जिला प्रशासन ने सभी शासकीय कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment