—Advertisement—

होम /

Dindori News: जनसुनवाई में प्राप्त हुए 100 आवेदन,अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot February 10, 2026

—Advertisement—

– कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में 100 आवेदन प्राप्त

– कलेक्टर ने आवेदकों की समस्यायों पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

डिंडौरी न्यूज। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 100 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में ग्राम उदरी के ग्रामवासी पेयजल आपूर्ति की समस्या लेकर पहुंचे। कलेक्टर द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के अधिकारियों से जानकारी ली गई, जिस पर बताया गया कि जल जीवन मिशन का कार्य पूर्ण कर ग्राम पंचायत को संचालन हेतु सौंप दिया गया है। पंचायत स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को पंचायत सचिव एवं सहायक सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामवासियों को नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने को कहा।

         इसी प्रकार ग्राम जाताडोंगरी से पहुंची आवेदक भदिया बाई बैगा ने अपनी पारिवारिक एवं आर्थिक समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनके दो छोटे बच्चे हैं, बच्चों के पिता नहीं हैं और वे स्वयं कार्य करने में सक्षम नहीं हैं, जिससे बच्चों के पालन-पोषण में अत्यधिक कठिनाई हो रही है। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल भारत सरकार की स्पॉन्सरशिप योजना के तहत दोनों बच्चों के भरण-पोषण हेतु ₹4,000 प्रतिमाह प्रदान किए जाने के निर्देश दिए। स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत एकल माता या पिता, जो कार्य करने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

       जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री पंकज जैन, एसडीएम सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment