—Advertisement—

शिलालेख में नाम न होने पर जनपद उपाध्यक्ष ने जताई नाराजगी, लगाए उपेक्षा के आरोप

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot February 1, 2026

—Advertisement—

समनापुर। समनापुर जनपद पंचायत भवन निर्माण को लेकर जनपद पंचायत की उपाध्यक्ष नीतू लखन बर्मन ने निर्माण विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लगभग 5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले जनपद पंचायत भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में उनके नाम को शिलालेख में शामिल नहीं किया गया, जो न केवल शासन के निर्देशों का उल्लंघन है बल्कि निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि का अपमान भी है।

उल्लेखनीय है कि विगत दिनों समनापुर जनपद पंचायत भवन का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें क्षेत्रीय सांसद  फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक  ओमकार सिंह मरकाम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। भूमिपूजन के दौरान लगाए गए शिलालेख में सांसद, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम अंकित हैं, लेकिन जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नीतू लखन बर्मन का नाम नहीं होने से विवाद उत्पन्न हो गया।

जनपद उपाध्यक्ष नीतू लखन बर्मन ने नाराजगी जताते हुए कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी विकास कार्य के भूमिपूजन एवं लोकार्पण के शिलालेखों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के नाम अनिवार्य रूप से अंकित किए जाएं। इसके बावजूद क्षेत्रीय जनपद पंचायत सदस्य एवं जनपद पंचायत उपाध्यक्ष होने के बाद भी उनका नाम शिलालेख से दर्ज नहीं किया जाना कई सवाल खड़े करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण यांत्रिकीय विभाग के अधिकारियों ने जानबूझकर महिला जनप्रतिनिधि की उपेक्षा की है। इस मामले को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण की मांग करने तथा शासन स्तर पर शिकायत करने की बात कही है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment