डिंडौरी न्यूज। जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समनापुर जनपद की ग्राम पंचायत कुकर्रामठ में पदस्थ ग्राम रोजगार सहायक तुलाराम ठाकुर की संविदा सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी है। यह निर्णय सरपंच द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों और विभागीय जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर लिया गया।
मामले के अनुसार, सरपंच उर्मिला धुर्वे ने शिकायत में आरोप लगाया था कि मनरेगा के तहत स्वीकृत “पुरनिहिया तालाब के पास पुलिया निर्माण” कार्य (लगभग 6 लाख रुपये) को अपने रिश्तेदार ठेकेदार को दिलाने के लिए तुलाराम ठाकुर द्वारा दबाव बनाया जा रहा था। आरोप यह भी था कि कार्य के बदले 50 हजार रुपये की मांग की गई और राशि न देने पर निर्माण कार्य की फाइल (नस्ती) रोक दी गई, जिससे काम शुरू नहीं हो सका।
जिला पंचायत द्वारा 17 फरवरी 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। 20 फरवरी को प्रस्तुत जवाब का परीक्षण करने पर यह पाया गया कि आरोपों में पर्याप्त सच्चाई है और संबंधित कर्मचारी का जवाब संतोषजनक नहीं है।
जांच में सामने आया कि कार्य वर्ष 2024 में स्वीकृत होने के बावजूद 2026 तक पूर्ण नहीं हो सका। साथ ही मस्टर रोल जारी करने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में भी लापरवाही पाई गई, जो कि ग्राम रोजगार सहायक की जिम्मेदारी होती है।
मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद के दिशा-निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत डिंडौरी ने तुलाराम ठाकुर की संविदा सेवा समाप्त करने का आदेश जारी किया है।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश की तामील सुनिश्चित करने और ग्राम पंचायत में नए ग्राम रोजगार सहायक की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए हैं।







