—Advertisement—

Dindori News: नर्मदा जयंती होगी प्लास्टिक मुक्त, दोना-पत्तल का होगा उपयोग, शांति समिति की बैठक में हुआ निर्णय

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot January 6, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज।  जिला शांति समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में दिनांक 06 जनवरी 2026 को अपरान्ह 5.00 बजे कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले में मकर संक्रांति, बसंत पंचमी एवं नर्मदा जयंती पर्व को शांति, सौहार्द, आपसी भाईचारे एवं कानून व्यवस्था के साथ मनाए जाने हेतु की जाने वाली तैयारियों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में अवगत कराया गया कि दिनांक 14-15 जनवरी को मकर संक्रांति, 23 जनवरी को बसंत पंचमी तथा 25 जनवरी को नर्मदा जयंती का पर्व जिले में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इन अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के एकत्रित होने की संभावना को देखते हुए शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। जिले के विभिन्न नर्मदा घाटों जैसे मालपुर, मेंहदवानी, कुटरई, कोसमघाट, धरमपुरा घाट, जोगी टिकरिया, लक्ष्मण मढ़वा, रामघाट, चंदनघाट, कपिलधारा, शिवनार, तुलसीघाट सहित अन्य स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रकाश एवं साफ-सफाई एवं सुरक्षा की व्यवस्था की जाए।

कलेक्टर ने नगर परिषद, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, होमगार्ड,  विद्युत विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, स्नान व वस्त्र बदलने की व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन तथा महिला सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे किए जाएं। साथ ही, होमगार्ड एवं तैराक दल की तैनाती, रस्सी, टॉर्च, मोटर बोट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि नर्मदा जयंती के दौरान प्लास्टिक का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। भंडारों में केवल पत्तल से बने दोना-पत्तल का उपयोग किया जाएगा तथा कचरा संग्रहण की समुचित व्यवस्था आयोजकों द्वारा अनिवार्य रूप से की जाएगी। ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए लाउडस्पीकरों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा और केवल आवश्यक सूचना प्रसारण के लिए सीमित उपयोग की अनुमति होगी।

यातायात व्यवस्था के संबंध में निर्णय लिया गया कि नर्मदा जयंती के दिन सुबह 8 बजे से नगर क्षेत्र में चार पहिया वाहन, ऑटो व टैक्सी का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े किए जा सकेंगे। भीड़ नियंत्रण, कानून व्यवस्था एवं आपात स्थिति से निपटने हेतु पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य विभाग एवं राजस्व विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बसंत पंचमी के अवसर पर विद्यालयों में सरस्वती पूजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं शैक्षणिक सामग्री वितरण जैसे सामाजिक व शैक्षणिक आयोजनों में जनसहभागिता का आह्वान भी किया गया।

कलेक्टर ने सर्वसहमति से निर्णय लिया की नर्मदा घाट पर भोजन बनाने की अनुमति नहीं होगी। केवल श्रद्धालु स्नान और पूजा कर सकेंगे ताकि अन्य लोगों को असुविधा न हो। भोजन बनाने का स्थान घाट के बाहर उचित स्थान पर होगा। अनुविभागीय डिण्डौरी के अनुमति से डीजे सांउड एंव भंडारा वितरण शहर में उचित स्थान पर ही किया जाएगा। साथ ही साथ मां नर्मदा नदी के सातों घाटों पर अलग-अलग जगह पर पूजा-अर्चना, आरती की व्यवस्था की गई है ताकि एक ही जगह पर अव्यवस्था न फैल सकें। नर्मदा समिति के सदस्यों की मांग पर कलेक्टर ने मंदिर की पुताई और सभी घाटों पर विद्युत प्रकाश करने की व्यवस्था नगरपालिका एंव विद्युत विभाग को सौंपी गई।

अंत में कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों, शांति समिति सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों से अपील की कि पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से मनाने में प्रशासन का सहयोग करें। बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की गई।

बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, उपाध्यक्ष श्रीमती सारिका नायक, पूर्व विधायक दुलीचंद उरैती, पार्षद  रजनीश राय,  रितेश जैन,  महेश पारासर, डा. इकबाल, श्री प्रभात जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन से कलेक्टर श्रीमती अंजूपवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक  सीईओ जिला पंचायत  दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर  जेपी यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अमित वर्मा, एसडीएम डिण्डौरी सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम बजाग  रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर  वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, एसडीओपी  सतीश द्विवेदी, एसडीओपी बजाग वी.वी. गौतम, समस्त थाना प्रभारी, तहसीलदार सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment