– डॉ. विकास जैन बने जबलपुर संभाग संयोजक
डिंडौरी । शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की महाकौशल प्रांत स्तरीय बैठक का आयोजन डिंडोरी जिले में किया गया। बैठक में न्यास के राष्ट्रीय सह-सचिव ओम शर्मा, क्षेत्र संयोजक एवं स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय सागर के कुलाधिपति डॉ. अजय तिवारी, प्रांत अध्यक्ष एवं कुलगुरु रीवा विश्वविद्यालय डॉ. राजेंद्र कुररिया, प्रांत संयोजक एवं प्राचार्य हितकारिणी महिला महाविद्यालय जबलपुर डॉ. नीलेश पाण्डेय तथा सागर से सह संयोजक डॉ. सुखदेव बाजपेई का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय स्त्री शक्ति की राष्ट्रीय सचिव श्रीमती किरण शर्मा उपस्थित रहीं। महाकौशल प्रांत के सभी संभागों से आए प्राचार्य, प्राध्यापक एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों का वृत निवेदन प्रस्तुत किया तथा आगामी योजनाओं पर चर्चा की।
राष्ट्रीय सह-सचिव ओम शर्मा ने शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र परिवर्तन पर जोर देते हुए न्यास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। डॉ. अजय तिवारी ने संगठन विस्तार एवं न्यास के प्रस्तावों से समाज को जोड़ने की बात कही, वहीं डॉ. राजेंद्र कुररिया ने न्यास के साहित्य के अध्ययन को आवश्यक बताया।
बैठक में संभाग प्रभारी की घोषणा करते हुए डिंडोरी के डॉ. विकास जैन को जबलपुर संभाग संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा रीवा संभाग के लिए मृगेंद्र सिंह, सागर संभाग के लिए डॉ. ब्रजेश तिवारी तथा शहडोल संभाग के लिए डॉ. मनीष शुक्ला को दायित्व सौंपा गया।
बैठक में डिंडोरी, जबलपुर, रीवा, शहडोल, बालाघाट, अनूपपुर, सागर, मंडला, मऊगंज एवं मैहर सहित अनेक जिलों से कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। अंत में डॉ. सुखदेव बाजपेई द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।









