—Advertisement—

Dindori News: “शासन–गांव की ओर” अभियान का शुभारंभ, हिनौता में लगी रात्रि चौपाल

एडीटर: Chetram Rajpoot December 18, 2025

—Advertisement—

– ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ निराकरण, योजनाओं की दी गई जानकारी

डिंडौरी न्यूज । मुख्यमंत्री के निर्देशन में प्रदेशभर में प्रारंभ किए गए “शासन–गांव की ओर” अभियान के अंतर्गत विकासखंड डिंडौरी की ग्राम पंचायत हिनौता (जनसंख्या 1090) के मुकदम टोला में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य शासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।

रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने आवास, बिजली, पक्के मकान, सड़क, आम रास्ता तथा सामुदायिक भवन से संबंधित समस्याएं और मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित विभागों को समय-सीमा निर्धारित कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत हिनौता के बीएलओ श्री दान सिंह धूमकेती द्वारा एसएआर गणना के अंतर्गत उन व्यक्तियों के नामों का वाचन किया गया, जो वर्तमान में जिले अथवा गांव में निवासरत नहीं पाए गए। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में पारदर्शिता बनाए रखना, डुप्लीकेट एवं अपात्र नामों को हटाना तथा ग्रामीणों को अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

अभियान का उद्देश्य

“शासन–गांव की ओर” अभियान के माध्यम से रात्रिकालीन ग्राम चौपाल आयोजित कर शासन की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है, ताकि समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही सुनिश्चित हो सके और ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र, संतुलित एवं सतत विकास संभव हो।

रात्रि चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों में शासन के प्रति विश्वास और सहभागिता बढ़ी है तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में यह अभियान एक सार्थक पहल साबित हो रहा है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment