डिंडौरी/रायपुर। कलिंगा विश्वविद्यालय रायपुर में आयोजित भव्य पांचवें दीक्षांत समारोह में श्रीमती कंचन बर्मन को गणित विषय में पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। उन्होंने गणित विभाग के प्रोफेसर डॉ. शुभाशीष विश्वास के निर्देशन में “Recent Development of Fixed Point Theory in Generalized Metric Space with Applications” विषय पर शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
श्रीमती कंचन बर्मन का शोध फिक्स्ड प्वाइंट थ्योरी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है, जो गणितीय विश्लेषण, इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस और अन्य वैज्ञानिक क्षेत्रों में उपयोगी सिद्धांतों को नई दिशा प्रदान करता है। उनके शोध को विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा अत्यंत उत्कृष्ट और व्यावहारिक आधार वाला बताया गया।
शिक्षा और उपलब्धियाँ
श्रीमती कंचन बर्मन वर्तमान में सांदीपनि विद्यालय डिंडौरी में गणित विषय में लेक्चरर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक से लेकर हायर सेकेंडरी तक की शिक्षा यशोदाबाई शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय खितौला, सिहोरा जिला जबलपुर से तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर शिक्षा मॉडल साइंस कॉलेज, जबलपुर से पूर्ण की। बचपन से ही शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कंचन ने विवाह के बाद भी उच्च शिक्षा का लक्ष्य जारी रखा और पारिवारिक दायित्वों के बीच अदम्य साहस, लगन और आत्मविश्वास से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

पारिवारिक और सामाजिक समर्थन
उल्लेखनीय है कि डॉ. कंचन बर्मन, जिले के जाने-माने पत्रकार एवं IBC 24 के संवाददाता श्री योगेंद्र बर्मन (बॉबी) की धर्मपत्नी हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता, सहयोगी मित्रों, बच्चों, अपने पति श्री योगेंद्र बर्मन और प्रेरणास्रोत स्व. श्री विश्वनाथ बर्मन को समर्पित करते हुए कहा कि उनकी निरंतर प्रेरणा और सहयोग के कारण ही यह सफलता संभव हो सकी।
बधाइयों का सिलसिला जारी
डॉ. कंचन बर्मन की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर सामाजिक बंधुओं, परिवारजनों, सहकर्मियों, शिक्षा जगत से जुड़े लोगों एवं जिले के गणमान्य नागरिकों ने हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाइयाँ दी हैं। सभी ने कहा कि उनकी सफलता न सिर्फ परिवार बल्कि जिले और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और यह युवा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।







