—Advertisement—

नर्मदा समग्र ने आयोजित किया आपदा प्रबंधन एवं सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot June 17, 2025

—Advertisement—

 

– बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने के व्यावहारिक तरीके सीखे गए

डिंडौरी न्यूज़। मां नर्मदा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्यरत संगठन नर्मदा समग्र द्वारा मंगलवार को नगर में आपदा प्रबंधन एवं आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक शंकर घाट एवं डेम घाट टोली द्वारा, जिला होम गार्ड विभाग के सहयोग से सम्पन्न किया गया।

कार्यक्रम में नगर के समाजसेवी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान होम गार्ड के अनुभवी जवानों ने बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के समय स्वयं को सुरक्षित रखने तथा दूसरों को बचाने के सरल एवं व्यावहारिक तरीकों का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में प्रैक्टिकल अभ्यास के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें पानी में फंसे व्यक्ति को बचाने की विधि, तैरने की मूलभूत तकनीकें और प्राथमिक उपचार जैसी आवश्यक बातें सिखाई गईं।

पर्यावरणविद् डॉ. विकास जैन ने बताया कि डिंडोरी जिले में सबसे अधिक घटनाएं बाढ़ से संबंधित होती हैं। इसका कारण भारतीय मानसून की अनिश्चितता और जिले की असमान भौगोलिक संरचना है, जो बाढ़ की तीव्रता को बढ़ाती है। उन्होंने बताया कि बाढ़ की मार समाज के गरीब तबके पर सबसे पहले और सबसे ज़्यादा पड़ती है, जिससे जान-माल की हानि के साथ प्राकृतिक क्षति भी होती है।

बाढ़ के संभावित कारणों में अत्यधिक वर्षा, नदी जल-वाहिकाओं की सीमित क्षमता, तटीय तूफान, हिमपात का पिघलना, भूमि की जल-अवशोषण क्षमता में कमी और मृदा अपरदन शामिल हैं। इसलिए इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आपदाओं से निपटने की सामुदायिक तैयारी के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में धर्मेंद्र सिंह, दिपांशु दुबे, राजू वर्मन, अमन जी, वासु जी, दीपक वर्मन, शिवराज पेंद्रे (होम गार्ड), दिनेश साहू (नर्मदा समग्र, संभाग सहसमन्वयक) सहित अन्य प्रशिक्षक एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment