—Advertisement—

Dindori News: कार्रवाई या दिखावा? डिंडौरी में आबकारी विभाग की अनदेखी से माफिया मस्त

एडीटर: Chetram Rajpoot June 3, 2025
— Oplus_16908288

—Advertisement—

– जनता बोली: यह कार्रवाई नहीं, मजाक है! असली सरगनाओं को बचाया जा रहा है?

डिंडौरी न्यूज। जिले में अवैध शराब का कारोबार जिस तेजी से पैर पसार रहा है, उतनी ही तेजी से प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामला सोमवार रात का है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो में आबकारी विभाग की एक बड़ी टीम एक टपरे से महज पांच पाव अंग्रेजी शराब जब्त करती नजर आ रही है — और उससे ज्यादा संख्या में खुद विभाग के कर्मचारी नजर आ रहे हैं।

वीडियो से खुला पोल, कार्रवाई या ड्रामा?

सोमवार की रात जिला मुख्यालय से लगे एक ढाबे के समीप ठेला में आबकारी विभाग ने औपचारिक कार्रवाई करते हुए पांच पाव शराब जब्त की। लेकिन मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाया गया वीडियो अब कई सवाल खड़े कर रहा है। वीडियो में शराब से ज्यादा आबकारी अधिकारी और कर्मचारी दिख रहे हैं, जिससे यह कार्रवाई दिखावा प्रतीत हो रही है। लोगों ने सवाल किया कि जब इतनी कम मात्रा में शराब पकड़ी गई, तो इतनी बड़ी टीम की क्या जरूरत थी?

जमीनी हकीकत: गली–गली बिक रही शराब, जिम्मेदार मौन

डिंडौरी शहर और आसपास में अवैध शराब का व्यापार अब गली-गली तक फैल गया है। खुलेआम बाइक और निजी वाहनों में शराब की ढुलाई की जा रही है। इसके बावजूद न तो आबकारी विभाग और न ही पुलिस ठोस कार्रवाई करती नजर आ रही है।

सीसीटीवी कैमरे सिर्फ दिखावे के लिए?

डिंडौरी नगर में प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे प्रशासनिक निगरानी के नाम पर महज़ औपचारिकता बनकर रह गए हैं। ना कोई नियमित निगरानी हो रही है, न फुटेज का विश्लेषण। अगर कैमरे सक्रिय होते और विभाग सजग होता, तो यह धंधा इस हद तक न बढ़ता।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment