—Advertisement—

Dindori News: डिंडौरी को मिलेगी नगर पालिका की सौगात: क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर,

एडीटर: Chetram Rajpoot May 16, 2025

—Advertisement—

-राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के प्रयासों का अभिनंदन

डिंडौरी न्यूज। डिंडोरी नगर परिषद को नगर पालिका परिषद का दर्जा दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाने से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा डिंडोरी नगर परिषद का उन्नयन कर नगर पालिका परिषद गठित किए जाने की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। यह पहल प्रदेश की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नगरीय विकास एवं आवास प्रतिमा बागरी के विशेष प्रयासों का प्रतिफल है।

राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने अपने प्रभार के जिले डिंडोरी के हालिया दो दिवसीय प्रवास के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने डिंडोरी के भौगोलिक और विकासात्मक महत्व को रेखांकित करते हुए विभाग को आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ करने को कहा।

डिंडोरी को नगर पालिका का दर्जा मिलने से क्षेत्र में शहरी विकास की योजनाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर अधोसंरचना व सुविधाएं प्राप्त होंगी। इससे विकास की गति को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। इस कार्यवाही की शुरुआत से ही स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। सभी ने राज्यमंत्री श्रीमती बागरी के जनहितैषी रुख और सक्रिय कार्यशैली की मुक्तकंठ से प्रशंसा की है।

हालांकि नगर पालिका गठन हेतु जनसंख्या और आय के मापदंडों को पूर्ण करने के लिए कुछ निकटवर्ती ग्राम पंचायतों को प्रस्तावित नगर सीमा में शामिल करने की प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है। फिर भी, इस दिशा में उठाया गया प्रारंभिक कदम ही एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

विभाग द्वारा आवश्यक आंकड़े एकत्रित कर प्रस्ताव तैयार करने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। डिंडोरी को नगर पालिका परिषद का दर्जा दिलाने की यह प्रक्रिया निश्चित ही क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment