डिंडौरी न्यूज । कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में शासकीय चंद्र विजय महाविद्यालय, डिंडौरी परिसर में युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में जिलेभर से बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राएं पहुंचे। कार्यक्रम में लगभग 450 से 500 छात्र-छात्राओं का विभिन्न कंपनियों के माध्यम से क्यूआर कोड द्वारा ऑनलाइन पंजीयन किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, डिंडोरी विधायक श्री ओमकार मरकाम, जिला पंचायत सदस्य हीरा रुदेश परस्ते, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ श्री देवांशु चौधरी, एसडीएम श्री राम बाबू देवांगन तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.एस. उद्दे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं महाविद्यालयीन स्टाफ मौजूद रहा।
– विभिन्न कंपनियों ने युवाओं को दिए रोजगार के अवसर
रोजगार मेले में विभिन्न निजी कंपनियों एवं संस्थानों के संचालक, सलाहकार तथा एग्जीक्यूटिव मैनेजर शामिल हुए। इनमें कैरियर पिलर्स, कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया, परमोक्ष आउटसोर्सिंग प्राइवेट लिमिटेड, बजाज लाइफ इंश्योरेंस, अडानी प्राइवेट लिमिटेड, क्वींस कॉर्प, पॉलीबॉन्ड प्राइवेट लिमिटेड, सूर्या फैब चेयर, नासिक ट्रैक पुणे, वर्धमान यार्न, फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी लखनऊ, शिव शक्ति एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड, एलआईसी इंडिया डिंडोरी तथा एसआईएस सिक्योरिटीज सहित विभिन्न संस्थाएं शामिल रहीं।
मेले में युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार, विभिन्न पदों, आवश्यक योग्यता, कार्यक्षेत्र और करियर की संभावनाओं की जानकारी दी गई। युवाओं ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद कर रोजगार से संबंधित जानकारी प्राप्त की और पंजीयन कराया।
– रोजगार के साथ स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा
युवा संगम रोजगार मेले को केवल रोजगार तक सीमित न रखते हुए युवाओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण को भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया। मेले में पहुंचे किशोर-किशोरियों एवं छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस दौरान हीमोग्लोबिन, सिकल सेल, एनीमिया, रक्तचाप, ब्लड शुगर, क्षय रोग तथा संचारी एवं असंचारी रोगों की जांच की गई। साथ ही किशोरियों को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन एवं पोषण से संबंधित आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
एनीमिया से प्रभावित किशोरियों की स्क्रीनिंग कर आवश्यकता के अनुसार उपचार एवं आहार संबंधी परामर्श दिया गया। युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के लिए जस्ट आस्क चैट व्हाट्सएप एवं मनहित एप इंस्टॉल कराया गया। आवश्यकता वाले किशोर-किशोरियों को आगे की परामर्श सेवाओं के लिए उमंग क्लीनिक में रेफर करने की व्यवस्था भी की गई।
– किशोर स्वास्थ्य परामर्श सेवाएं भी उपलब्ध
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता गौरी शंकर बर्मन एवं महिला स्वास्थ्य परामर्शदाता पूनम सिंह ने किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण एवं व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य विभाग से डॉ. ममता दीवान, जिला स्वास्थ्य अधिकारी प्रथम, डॉ. जयश्री मरावी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी द्वितीय, डॉ. मनोज उरैती, जिला क्षय अधिकारी, ओमप्रकाश उरैती, जिला समन्वयक आरकेएसके, डॉ. ऋषिकेश सिंह, डॉ. हर्षवर्धन सिंह, जानकी चंद्रा, सीएचओ आरती सिंदराम, एएनएम मास्टर ट्रेनर नेमकली परस्ते, राजवती मरावी, पूजा उईके, शिवानी, विकास बड़गैया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं के एक साथ उपलब्ध होने से युवा संगम रोजगार मेला जिले के युवाओं के लिए उपयोगी मंच साबित हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।











