– नदिया टोला में दर्दनाक हादसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़; प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर शुरू की राहत कार्रवाई
डिंडौरी न्यूज। लगातार हो रही बारिश के बीच डिंडौरी जिले के गाड़ासरई थाना क्षेत्र के ग्राम नदिया टोला में रविवार को एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में दबने से महज 7 वर्षीय मासूम राजा आर्मो, पिता विश्राम आर्मो की मौत हो गई।
जिस उम्र में राजा के हाथों में किताबें और खिलौने होने चाहिए थे, उस उम्र में वह बारिश से कमजोर हुए कच्चे मकान के मलबे में जिंदगी की जंग हार गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
– हादसे की सूचना मिलते ही पहुंची प्रशासन की टीम
घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और घटना से संबंधित आवश्यक पंचनामा एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई शुरू की। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच भी की जा रही है
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने घटना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार एवं पटवारी द्वारा आरबीसी 6(4) के तहत राहत सहायता का प्रकरण तैयार किया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा परिवार की वर्तमान स्थिति और पात्रता के आधार पर शासन की अन्य योजनाओं से मिलने वाले संभावित लाभों की जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि पीड़ित परिवार को नियमानुसार अधिकतम संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
– बारिश के बीच कच्चे मकानों की सुरक्षा बनी चिंता
इस हादसे ने लगातार बारिश के दौरान कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। एक मासूम की जान जाने की यह घटना बताती है कि अतिवृष्टि के दौरान कमजोर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लेकिन नन्हे राजा की मौत ने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।










