डिंडौरी न्यूज ।जिले ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्य निष्पादन का परिचय देते हुए भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण द्वारा संचालित “विद्यार्थी के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार” अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जुलाई 2026 माह में Mandatory Biometric Update (MBU) अभियान के अंतर्गत डिंडौरी जिला 19.1 प्रतिशत उपलब्धि के साथ मध्यप्रदेश के शीर्ष 5 जिलों में स्थान प्राप्त करने वाला अग्रणी जिला बना है।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर UIDAI मध्यप्रदेश के निदेशक श्री सुमित मिश्रा, UIDAI ने जिला कलेक्टर सुश्री अंजू भदौरिया, को प्रशंसा-पत्र प्रेषित कर जिले की पूरी टीम, विशेष रूप से स्कूल शिक्षा विभाग एवं DEGS के समर्पित प्रयासों की सराहना की है। पत्र में विश्वास व्यक्त किया गया है कि डिंडौरी आगामी दिनों में भी इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन को बनाए रखेगा।
जुलाई 2026 में जिले में 21,640 लंबित अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट में से 4,124 विद्यार्थियों का सफल बायोमेट्रिक अपडेट किया गया, जो 19.1 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पूरे प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल है। यह उपलब्धि राज्य के औसत 9.2 प्रतिशत से दोगुने से भी अधिक है।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने इस उपलब्धि का श्रेय जिले के सभी विकासखंडों के शिक्षा विभाग, DEGS, संबंधित अधिकारियों, विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, ऑपरेटरों तथा अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का आधार बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित करना शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है, जिससे विद्यार्थियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों एवं मैदानी अमले को अभियान को और अधिक गति देने तथा शेष पात्र विद्यार्थियों का समयबद्ध बायोमेट्रिक अपडेट पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि डिंडौरी अपनी अग्रणी स्थिति को और सुदृढ़ कर सके।








