– कोड़िया निवासी 25 वर्षीय युवक का शव गांव पहुंचते ही फूटा गुस्सा, डिंडोरी-अमरकंटक मार्ग पर दो घंटे तक बाधित रहा आवागमन, निष्पक्ष जांच की मांग
डिंडौरी न्यूज । जिले के गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत कोड़िया गांव के एक युवक की नागपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। मृतक का शव गांव पहुंचते ही परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए डिंडौरी-अमरकंटक मार्ग पर खरगहना के पास चक्का जाम कर दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार, कोड़िया निवासी महेश यादव (25 वर्ष), पिता नूतन यादव लगभग एक माह पूर्व मजदूरी करने नागपुर गया था। वहां से सूचना मिली कि किसी बिल्डिंग से गिरने के कारण उसकी मौत हो गई है। हालांकि, मृतक के परिजनों ने इस दावे पर गंभीर संदेह जताते हुए इसे महज हादसा मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि महेश की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और इसकी निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जानी चाहिए।
मंगलवार सुबह जब महेश का शव गांव पहुंचा तो परिजनों का दुख आक्रोश में बदल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उनके समर्थन में एकत्र हो गए और सुबह करीब 10 बजे डिंडोरी-अमरकंटक मार्ग पर खरगहना के पास धरने पर बैठकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा वास्तविक घटनाक्रम सामने लाने की मांग की।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही गाड़ासरई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और मार्ग पर आवागमन पुनः सुचारु हो सका।









