—Advertisement—

मुख्य मार्गों से हटेगा अतिक्रमण, ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे साइन बोर्ड : सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त

एडीटर: Chetram Rajpoot July 21, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज । जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाने का निर्णय लिया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर साइन बोर्ड लगाने तथा स्पीड ब्रेकरों पर कलर पेंटिंग कराने सहित कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने राजस्व, पुलिस और नगर परिषद के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर शहर के मुख्य मार्गों के दोनों ओर तथा रानी अवंती बाई चौक और साकेत नगर क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को विशेष अभियान चलाकर हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ती है, इसलिए अभियान को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए।

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अधिकारियों को जिले के सभी स्पीड ब्रेकरों पर स्पष्ट एवं आकर्षक कलर पेंटिंग कराने तथा दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट स्थलों पर आवश्यक चेतावनी और दिशा-निर्देश संबंधी साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। बैठक में विशेष रूप से वर्षा ऋतु के दौरान बढ़ने वाली दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर जोर दिया गया।

बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा धर्मेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, सभी डिप्टी कलेक्टर एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष बल दिया गया।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment