डिंडौरी न्यूज। जिले में सत्र 2026-27 के लिए अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में कथित देरी को लेकर गुरुवार को अतिथि शिक्षक संघ डिंडोरी ने जिला अध्यक्ष इमरान मलिक के नेतृत्व में सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की।
संघ के प्रतिनिधिमंडल में जिला कार्यकारिणी सदस्य जगमोहन तिवारी, आनंद कटारिया, तारेंद्र पाराशर, विभा ठाकुर सहित अन्य अतिथि शिक्षक उपस्थित रहे।
ज्ञापन के माध्यम से संघ ने बताया कि जनजातीय कार्य विभाग के आयुक्त, भोपाल द्वारा 4 जुलाई 2026 को अतिथि शिक्षक भर्ती संबंधी आदेश जारी किया जा चुका है, लेकिन डिंडोरी जिले के जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में अब तक अधिकांश संस्थाओं द्वारा भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई है। संघ का कहना है कि इस देरी का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है और विद्यालयों में कई कालखंड खाली रहने से पाठ्यक्रम प्रभावित हो रहा है।
जिला अध्यक्ष इमरान मलिक ने आरोप लगाया कि जिन पदों पर नियमित शिक्षकों की भर्ती अथवा स्थानांतरण के बाद भी रिक्तियां बनी हुई हैं, वहां पूर्व में कार्यरत पात्र अतिथि शिक्षकों को तत्काल बुलाकर शिक्षण कार्य प्रारंभ कराया जा सकता है। उनका कहना है कि अन्य जिलों में स्थानीय सहायक आयुक्तों द्वारा आदेश जारी कर संस्था प्रमुखों को शीघ्र भर्ती करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, जबकि डिंडोरी जिले में प्रक्रिया अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के कई दिन बाद भी रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से विद्यार्थियों का शैक्षणिक नुकसान हो रहा है। संघ का आरोप है कि संस्था प्रमुखों की धीमी कार्यप्रणाली के कारण शासन के आदेशों का समय पर पालन नहीं हो पा रहा है।
अतिथि शिक्षक संघ ने सहायक आयुक्त से मांग की है कि सभी संस्था प्रमुखों को तत्काल निर्देश जारी कर रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई तो अतिथि शिक्षक अपने अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।











