डिंडौरी न्यूज । साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता फैलाने और डिजिटल सुरक्षा को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में उत्कृष्ट कार्य करने पर जिला डिंडौरी को प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन” अभियान के सफल संचालन एवं प्रभावी जनजागरूकता गतिविधियों के लिए पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना ने जिला डिंडौरी को “उत्कृष्ट प्रदर्शन” प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया है। यह सम्मान साइबर अपराधों की रोकथाम एवं नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने में जिला पुलिस के उल्लेखनीय प्रयासों की राज्य स्तर पर सराहना है।
पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के नेतृत्व में जिला साइबर सेल, समस्त थाना एवं चौकी पुलिस, प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के समन्वित सहयोग से 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक पूरे जिले में व्यापक स्तर पर साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान शहर से लेकर गांव तक विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगातार कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।
अभियान के दौरान जिलेभर में 660 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 23 डिजिटल एवं सोशल मीडिया जागरूकता कार्यक्रम, 16 जागरूकता रैलियां, 619 बैनर एवं पोस्टर प्रदर्शन, 2 साइबर क्विज प्रतियोगिताएं, 2 नुक्कड़ नाटक तथा 1 साइबर मेला शामिल रहा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक, OTP फ्रॉड, QR कोड स्कैम, UPI एवं बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाओं सहित विभिन्न साइबर अपराधों के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि 47,955 नागरिकों को ऑफलाइन तथा 32,542 नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस प्रकार कुल 74,887 नागरिक इस अभियान से प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और ग्रामीणों की सहभागिता ने अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जिला साइबर सेल, प्रशासन, शिक्षा विभाग, मीडिया प्रतिनिधियों तथा अभियान को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से जिला कलेक्टर श्रीमती अंजु पवन भदौरिया एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी सहित अभियान में सहयोग देने वाले सभी शासकीय विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सक्रिय योगदान की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयास, जनसहभागिता और टीमवर्क के कारण ही जिला डिंडौरी को प्रदेश स्तर पर यह गौरवपूर्ण सम्मान प्राप्त हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रयासों से जिला साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
डिंडौरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें, OTP, बैंक खाता, UPI PIN एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या www.cybercrime.gov.in पोर्टल का उपयोग करें। साथ ही “सुरक्षित क्लिक – सुरक्षित जीवन” का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का भी आग्रह किया गया है।
राज्य स्तर पर मिला यह सम्मान न केवल जिला पुलिस की कार्यकुशलता का प्रमाण है, बल्कि प्रशासन और आम नागरिकों की सहभागिता से साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में डिंडौरी द्वारा स्थापित एक नई पहचान भी है।










