—Advertisement—

होम /

SAFE CLICK 2.0: डिंडौरी में साइबर सुरक्षा मैराथन, 150 प्रतिभागियों ने दौड़कर दिया सुरक्षित डिजिटल भारत का संदेश

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot July 7, 2026

—Advertisement—

– जिला मुख्यालय सहित शहपुरा, समनापुर, मेहंदवानी और अमरपुर में आयोजित हुई साइबर रन, पुलिस ने दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ

डिंडौरी न्यूज। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित SAFE CLICK 2.0 साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के 14वें दिवस पर मंगलवार को जिला डिण्डौरी में साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा मैराथन/रन का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आयोजित इस अभियान में युवाओं, विद्यार्थियों, पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया।

जिला मुख्यालय में आयोजित साइबर सुरक्षा मैराथन का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हुआ, जो थाना यातायात डिण्डौरी में संपन्न हुई। इस दौरान लगभग 150 प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लेकर साइबर सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

मैराथन में पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, एडीएम श्री जे.पी. यादव, एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेन्द्र सिंह, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री यू.के. पटेरिया, एसडीओपी बजाग श्री विवेक कुमार गौतम, थाना प्रभारी यातायात श्री सुभाष उईके, थाना प्रभारी कोतवाली श्री दुर्गा प्रसाद नगपुरे, प्रभारी रक्षित निरीक्षक श्री कुंवर सिंह ओलाडी, सुबेदार श्री अभिनव राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस बल, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम पिन एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने तथा सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सतर्कता के साथ उपयोग करने की सलाह दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी नागरिक के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को कम किया जा सके।

जिला मुख्यालय के अलावा थाना शहपुरा, समनापुर, मेहंदवानी एवं चौकी अमरपुर में भी साइबर सुरक्षा मैराथन का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं, पुलिस अधिकारियों एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का जागरूक होना बेहद जरूरी है। जनसहभागिता और सतर्कता के माध्यम से ही साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि SAFE CLICK 2.0 अभियान के तहत जिला पुलिस लगातार विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों और विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल जीवन के लिए प्रेरित कर रही है।

जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहें, अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में बिना विलंब 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment