डिंडौरी न्यूज। जनपद पंचायत अमरपुर की ग्राम पंचायत साम्हर में गुरुवार को विकसित भारत-जीराम-जी योजना का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक श्री ओमप्रकाश धु्रर्वे के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री धुर्वे ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक जॉबकार्ड पर 125 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही 1 जुलाई 2026 से मजदूरी दर बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि समय पर मजदूरी भुगतान नहीं होने की स्थिति में हितग्राहियों को विलंबित भुगतान दिया जाएगा तथा यदि ग्राम पंचायत निर्धारित समय पर कार्य उपलब्ध नहीं कराती है, तो योजना के तहत बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान किया गया है।

योजना के तहत कार्यों को चार प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिनमें जल सुरक्षा एवं संरक्षण कार्य, ग्रामीण अवसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन एवं प्रतिकूल मौसम से निपटने वाले कार्य शामिल हैं। इन श्रेणियों के आधार पर ग्राम पंचायतें स्वयं अपनी कार्ययोजना तैयार कर निर्माण कार्यों को अमल में लाएंगी।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अमरपुर के अध्यक्ष श्री हन्नू सिंह पट्टा, जिला पंचायत सदस्य श्री प्रीतम सिंह मरावी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पंकज जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री लोकेश नारनौरे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सरपंचों एवं ग्रामवासियों ने विकसित भारत-जीराम-जी योजना का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।









