– एक प्रधान आरक्षक बने सहायक उप निरीक्षक, आठ आरक्षक पदोन्नत होकर बने प्रधान आरक्षक
डिंडौरी न्यूज । जिला पुलिस डिण्डौरी में शुक्रवार को पदोन्नति प्राप्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए वरिष्ठ पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विभाग के कुल 09 पुलिस कर्मियों को पदोन्नति उपरांत उनके नवीन पद का कार्यभार ग्रहण कराया गया। समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पदोन्नत साथियों का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

जिला पुलिस डिंडौरी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक राजेश सोनी को पदोन्नत कर सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) बनाया गया। वहीं भीकम सिंह मार्को, विवेक सिंह, नरेन्द्र प्रताप सिंह, खेम सिंह सैयाम, सेम सिंह बैगा, जगन्नाथ सिंह बट्टे, प्रमोद कुमार पटेरिया एवं विकास कुमार सूर्या को आरक्षक से पदोन्नत कर प्रधान आरक्षक के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के विस्तार का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में प्रत्येक पद अपने साथ नई चुनौतियां और अपेक्षाएं लेकर आता है। ऐसे में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने नवीन दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ करें तथा आमजन को त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर रहें।
एसपी श्री खरे ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है। इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने व्यवहार, कार्यशैली और सेवा भावना से विभाग की सकारात्मक छवि को और मजबूत बनाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि पदोन्नत कर्मचारी नई ऊर्जा और उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पदोन्नत साथियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डिण्डौरी पुलिस ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदोन्नत अधिकारी एवं कर्मचारी अपने अनुभव, कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर विभाग की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे तथा जनसेवा और कानून-व्यवस्था के दायित्वों का प्रभावी एवं निष्पक्ष ढंग से निर्वहन करते हुए जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएंगे।








