—Advertisement—

होम /

1930 याद रखें, साइबर ठगी से बचें: डिंडौरी में शुरू हुआ राज्य स्तरीय सेफ क्लिक-2026 अभियान

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot June 24, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज। प्रदेशभर में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक संचालित किए जा रहे राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान सैफ क्लिक-2026 का शुभारंभ बुधवार को जिला मुख्यालय डिंडौरी में किया गया।

 पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक द्वारा यूट्यूब वेबकास्ट के माध्यम से किया गया। इसी क्रम में डिंडौरी जिले में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे की उपस्थिति में साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश देते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

       अधिकारियों ने वर्तमान में प्रचलित साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों जैसे डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड, फर्जी पुलिस अथवा जांच एजेंसियों के नाम पर ठगी, बैंक केवाईसी अपडेट फ्रॉड, फर्जी लोन एवं निवेश योजनाएं, टेलीग्राम-व्हाट्सएप टास्क फ्रॉड, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, कस्टमर केयर फ्रॉड, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, मेट्रिमोनियल फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन एवं क्यूआर कोड स्कैन के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति भी लोगों को जागरूक किया।

        अभियान के तहत जिले के शैक्षणिक संस्थानों, बाजारों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा साइबर अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।   इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेन्द्र सिंह, एसडीओपी श्री सतीश द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment