– प्रशासनिक कसावट और शैक्षणिक व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम
डिंडौरी न्यूज। जनजातीय कार्य विभाग डिंडौरी द्वारा जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में पदस्थ 29 माध्यमिक शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं। कलेक्टर (जनजातीय कार्य विभाग) डिंडौरी द्वारा जारी आदेश क्रमांक EST/2026/800 दिनांक 15 जून 2026 के तहत शिक्षकों को उनके वर्तमान पदस्थापन स्थल से स्थानांतरित कर नवीन विद्यालयों में पदस्थ किया गया है।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह स्थानांतरण सामान्य प्रशासन विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा निर्धारित स्थानांतरण नीति एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप किए गए हैं। आदेश के अनुसार संबंधित शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
यहाँ देखें लिस्ट….
– जिले के विभिन्न विकासखंडों के शिक्षक हुए प्रभावित
स्थानांतरण सूची में समनापुर, अमरपुर, करंजिया, बजाग, शाहपुरा, मेंहदवानी और डिंडौरी विकासखंड के विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक शामिल हैं। इनमें कई शिक्षकों को वर्षों से एक ही संस्था में पदस्थ रहने के बाद नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ शिक्षकों को प्रशासनिक आवश्यकता और शैक्षणिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए स्थानांतरित किया गया है।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा सभी संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल प्राचार्यों एवं संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि स्थानांतरण आदेश का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करें तथा कार्यमुक्ति और कार्यभार ग्रहण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न होने दें। इस आदेश के जारी होने के बाद जिले के शिक्षा विभाग में व्यापक प्रशासनिक हलचल देखी जा रही है। आगामी शैक्षणिक सत्र को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने की दृष्टि से इस स्थानांतरण सूची को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







