—Advertisement—

कनक क्रांति गोल्ड और एमटीयू-1010 के नाम पर फर्जीवाड़ा : दो आरोपियों पर FIR दर्ज

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot May 29, 2026

—Advertisement—

नकली धान बीज की पैकिंग करने पर दो विक्रेताओं पर एफआईआर दर्ज

मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में ब्रांडेड धान बीज के नाम पर बड़ा खेल सामने आया है। कलेक्‍टर राघवेन्‍द्र सिंह के निर्देशानुसार जिले में खाद, बीज एवं कीटनाशकों के वितरण में अनियमितता और कालाबाजारी रोकने चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत धान की कनक क्रांति गोल्‍ड और एमटीयू-1010 किस्‍म के बीज की नकली पैकिंग करते पाये जाने पर दो बीज विक्रेताओं के विरूद्ध कृषि विभाग द्वारा पनागर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पनागर विकासखंड के बीज निरीक्षक और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पंकज शर्मा के दिवरी खुर्द, पनागर स्थित आनंद ज्योति प्रिंटिंग प्रेस के औचक निरीक्षण में धान की किस्म ‘कनक क्रांति गोल्ड 135’ और ‘एमटीयू-1010’ की अवैध एवं नकली पैकिंग करते पाया गया था।

निरीक्षण में यह पाया गया कि कनक एग्रो सीड्स तेलंगाना के संचालक राजेश कुमार मौर्य और सम्यक सीड्स जबलपुर के संचालक अनिल जैन मिलकर नकली बीज की पैकिंग कर रहे थे। अनिल जैन द्वारा असाटी वेयर हाउस मटियाकुई में अन्य अनाज को धान की किस्म ‘एमटीयू-1010’ के नाम से गलत तरीके से पैक किया जा रहा था।

उप संचालक कृषि ने बताया कि इस मामले में बीज निरीक्षक पंकज शर्मा द्वारा पनागर थाने में दोनों आरोपियों राजेश कुमार मौर्य और अनिल जैन के विरुद्ध बीज अधिनियम 1966 की धारा (21), आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3, 7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318, 2 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment