– सीमावर्ती क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी
डिंडौरी। जिले के सीमावर्ती ग्राम कमको मोहनिया में जल्द ही नई पुलिस चौकी खुलने की उम्मीद बढ़ गई है। ग्राम पंचायत के सरपंच एवं जिला अध्यक्ष श्री फूलसिंह मरकाम द्वारा पुलिस मुख्यालय भोपाल पहुंचकर पुलिस महानिदेशक से ग्राम कमको मोहनिया में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की गई थी। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए अब पुलिस अधीक्षक डिंडौरी द्वारा पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कमको मोहनिया थाना समनापुर अंतर्गत आता है और यह क्षेत्र डिंडौरी एवं मंडला जिले की सीमा पर स्थित है। यहां डिंडौरी जिले की सीमा समाप्त होती है तथा मंडला जिले की सीमा प्रारंभ होती है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों एवं कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस चौकी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय डिंडौरी द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में उल्लेख किया गया है कि ग्राम कमको मोहनिया थाना समनापुर से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित है। क्षेत्र में रेत खदानों को लेकर विवाद की स्थिति बनी रहती है तथा मंडला जिले के नक्सल प्रभावित थाना मवई से यह क्षेत्र जुड़ा हुआ है। यहां साप्ताहिक बाजार भी लगता है, जिससे लोगों और वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। इन परिस्थितियों के चलते अपराधों की संभावना एवं कानून व्यवस्था की चुनौती को देखते हुए यहां पुलिस चौकी स्थापित करना आवश्यक माना गया है।
पत्र में यह भी बताया गया है कि वर्तमान में किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल को मौके तक पहुंचने में काफी समय लगता है। नई चौकी खुलने से पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी और आम नागरिकों को सुरक्षा एवं सहायता समय पर मिल सकेगी।
स्थानीय लोगों ने भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि पुलिस चौकी खुलने से अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा, सीमावर्ती इलाकों में निगरानी मजबूत होगी और लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी। अब उम्मीद जताई जा रही है कि पुलिस मुख्यालय से जल्द स्वीकृति मिलने के बाद ग्राम कमको मोहनिया में नई पुलिस चौकी की स्थापना का रास्ता साफ हो सकता है।











