डिंडौरी न्यूज , विनय मरावी । करंजिया जनपद अंतर्गत ग्राम मोहतरा में जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों रुपये की लागत से बनाए जा रहे फिल्टर प्लांट निर्माण कार्य में मजदूरों को पिछले दो माह से मजदूरी नहीं मिलने का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि लगातार काम कराने के बावजूद उन्हें समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
मजदूरों के अनुसार वे प्रतिदिन लगभग 15 किलोमीटर दूर-दराज क्षेत्रों से निर्माण स्थल तक पहुंचकर मेहनत कर रहे हैं, लेकिन दो महीने बीत जाने के बाद भी मजदूरी नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। मजदूरों ने बताया कि कई बार ठेकेदार से भुगतान की मांग की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है।
इधर ग्रामीणों ने भी निर्माण कार्य की धीमी गति और ठेकेदार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत गांवों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार एजेंसी और ठेकेदार की लापरवाही से कार्य प्रभावित हो रहा है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो योजना का लाभ लोगों तक पहुंचने में और देरी होगी। वहीं मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मजदूरी भुगतान नहीं किया गया तो वे काम बंद कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर मजदूरों का बकाया भुगतान शीघ्र कराने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।
