डिंडौरी न्यूज । खाद्य शाखा जिला डिंडोरी द्वारा रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत संचालित चना एवं मसूर खरीदी कार्य में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बी-पेक्स डिंडोरी के प्रबंधक एवं प्रभारी खरीदी केंद्र निगवानी श्री रघुवर सिंह गौतम को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जारी नोटिस के अनुसार दिनांक 19 मई 2026 को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री आकाश तुरकर द्वारा निगवानी खरीदी केंद्र स्थित एमपीडब्ल्यूएलसी गोदाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कृषकों द्वारा लाए गए मसूर की बिना साफ-सफाई एवं ग्रेडिंग के सीधे शासकीय बारदानों में भराई किए जाने की स्थिति पाई गई। जांच में मसूर में सिकुड़े हुए दाने, कचरा एवं तेवड़ा की मात्रा पाए जाने से सामग्री अमानक स्तर की पाई गई।
निरीक्षण के दौरान गोदाम क्रमांक 19 में विगत वर्षों की उपार्जित मसूर की 5 बोरी घुनी हुई मिली। वहीं लगभग 250 शासकीय बोरियों में भरी मसूर के नमूनों में भी अमानक स्तर की सामग्री पाए जाने की पुष्टि हुई। इसके अतिरिक्त गोदाम क्रमांक 18 में लगभग 1200 बोरियों में भरी 600 क्विंटल मसूर अमानक स्तर की पाए जाने पर वेयरहाउस कर्मचारियों द्वारा पृथक रखवाई गई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि गोदाम क्रमांक 18 एवं 19 में संग्रहित कुल 8200 क्विंटल मसूर में से मात्र 3560.5 क्विंटल का ही आर-टू-टी (टीसी) जारी किया गया था, जिससे किसानों के भुगतान में विलंब होने की स्थिति निर्मित हुई। जांच के दौरान कुल 725 क्विंटल मसूर अमानक स्तर का पाया गया।
कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में उपार्जन नीति की कंडिका 7, 8.7 एवं 10(3)(5), 10(3)(7) के उल्लंघन का उल्लेख करते हुए संबंधित संस्था को ब्लैक लिस्टेड करने एवं जिम्मेदारों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही किए जाने संबंधी कारण पूछा गया है। संबंधित प्रबंधक को नोटिस प्राप्ति के तीन दिवस के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।












