—Advertisement—

होम /

जनसुनवाई भी बेअसर! अमरकंटक रोड की नालियों ने बढ़ाई वार्डवासियों की मुसीबत

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot May 19, 2026

—Advertisement—

– बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, बदबू और बीमारियों का बढ़ा खतरा

डिंडौरी। नगर के वार्ड क्रमांक 13 स्थित अमरकंटक रोड के किनारे बनी मुख्य नाली की वर्षों से सफाई नहीं होने के कारण स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से परेशान नागरिकों ने एक बार फिर कलेक्टर को आवेदन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है।

वार्ड निवासी बालेन्द्र सिंह परिहार द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि अमरकंटक रोड के किनारे स्थित मुख्य नालियां लंबे समय से गंदगी और मलवे से भरी हुई हैं। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी सही तरीके से नहीं निकल पा रहा है, जिससे आसपास जलभराव की स्थिति निर्मित हो रही है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में नगर परिषद और जनसुनवाई में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। 28 अप्रैल 2026 को भी दोबारा आवेदन दिया गया था, लेकिन आज तक समस्या का स्थायी निराकरण नहीं हो सका। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार विभाग लगातार शिकायतों के बावजूद इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहा है।

रहवासियों का कहना है कि नालियों से उठ रही दुर्गंध के कारण क्षेत्र में रहना मुश्किल हो गया है। वहीं गंदगी के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि बारिश शुरू होने से पहले नालियों की सफाई नहीं कराई गई तो स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।

आवेदनकर्ता ने कलेक्टर से मांग की है कि अमरकंटक रोड के मुख्य मार्ग किनारे स्थित नालियों की तत्काल सफाई कराकर आमजन को राहत दिलाई जाए। स्थानीय लोगों को अब प्रशासनिक हस्तक्षेप और त्वरित कार्रवाई का इंतजार है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment