—Advertisement—

होम /

बदहाल सड़क से त्रस्त जनता का अल्टीमेटम : निर्माण शुरू करो, वरना होगा उग्र आंदोलन..!

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot May 18, 2026

—Advertisement—

– एक वर्ष बाद भी शुरू नहीं हुआ 14 किमी सड़क निर्माण,आंदोलन और भूख हड़ताल की चेतावनी

डिंडौरी न्यूज । जिले के मेहंदवानी क्षेत्र में डुंगरिया से राई तक डामलीकरण रोड की जर्जर हालत को लेकर अब जन आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक-12 की जनपद सदस्य श्रीमती सरोज टेकाम ने कलेक्टर डिंडौरी को स्मरण पत्र सौंपते हुए जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रीय जनता के साथ आंदोलन एवं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की जाएगी।

स्मरण पत्र में उल्लेख किया गया है कि राई से डुंगरिया तक लगभग 14 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत हो चुका है। इस सड़क का टेंडर क्रमांक 420361 जारी किया गया था तथा टेंडर की तिथि 01 मई 2025 बताई गई है। बावजूद इसके लगभग एक वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। वर्तमान में सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और आवागमन में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनपद सदस्य ने आरोप लगाया कि ठेकेदार एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा अब तक इस गंभीर समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है।

खराब सड़क के कारण आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चों और मरीजों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों का निकलना तक मुश्किल हो गया है। पत्र में यह भी बताया गया कि इस संबंध में 13 अप्रैल 2026 को भी आवेदन प्रस्तुत किया गया था, लेकिन आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे क्षेत्रीय जनता में भारी नाराजगी व्याप्त है।

जनप्रतिनिधि ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कराया तो मजबूर होकर डिंडौरी-जबलपुर मार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा, जिसमें हजारों ग्रामीण शामिल होंगे। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग की होगी।

श्रीमती सरोज टेकाम ने आगे कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़क समस्या से जूझ रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग उदासीन बना हुआ है। यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो मुख्यमंत्री के आगमन तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखी जाएगी। इस मामले ने एक बार फिर जिले में विकास कार्यों की धीमी गति और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में हो रही देरी से क्षेत्र का विकास प्रभावित हो रहा है और लोगों को रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा हैं।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment