—Advertisement—

होम /

गौसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण का बनेगा मॉडल, विद्योदय गौशाला पहुंचीं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot May 15, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज। अंजू पवन भदौरिया ने जिले की ग्राम पंचायत हिनौता स्थित जैन समाज द्वारा संचालित विद्योदय गौशाला एवं नव-निर्मित उद्यान का निरीक्षण कर गौशाला को पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और आत्मनिर्भरता का आदर्श मॉडल बनाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौवंश की देखभाल, स्वच्छता व्यवस्था, जल संरक्षण संबंधी प्रयासों तथा परिसर में विकसित किए जा रहे उद्यान का अवलोकन किया और जैन समाज द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

कलेक्टर ने कहा कि विद्योदय गौशाला केवल गौसेवा का केंद्र नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का उत्कृष्ट उदाहरण बन सकती है। उन्होंने वर्षा जल संचयन व्यवस्था को और मजबूत करने, भूजल स्तर बढ़ाने के लिए पुनर्भरण कुंड एवं सोख्ता गड्ढों के निर्माण तथा भविष्य में जल संकट से बचाव हेतु दीर्घकालिक उपाय अपनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन, आंवला और करंज जैसे पर्यावरण हितैषी एवं औषधीय पौधों के अधिकाधिक रोपण की आवश्यकता बताई। उन्होंने गोबर से जैविक खाद तैयार करने, गौमूत्र आधारित जैविक उत्पाद विकसित करने तथा गौशाला को आत्मनिर्भर एवं पर्यावरण अनुकूल मॉडल के रूप में विकसित करने पर विशेष बल दिया।

कलेक्टर ने नव-निर्मित उद्यान का भ्रमण करते हुए वहां औषधीय पौधों की विशेष वाटिका विकसित करने, पक्षियों के लिए जलपात्र रखने तथा सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था स्थापित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देंगे, बल्कि यह स्थल आमजन, युवाओं और बच्चों के लिए प्रेरणादायी केंद्र के रूप में भी विकसित होगा।

निरीक्षण के दौरान गौशाला संचालक संजय जैन, सम्यक जैन, रितेश जैन, मितेश जैन एवं दर्शन जैन उपस्थित रहे। उन्होंने गौशाला की गतिविधियों, गौसेवा से जुड़े कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी कलेक्टर को दी।

इस अवसर पर जिला व्यापारी संघ के पदाधिकारी जितेंद्र दीक्षित, मुकेश तिवारी, रत्नेश बिलैया सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के अंत में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने जैन समाज द्वारा गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विद्योदय गौशाला आने वाले समय में जिले के लिए प्रेरणास्रोत एवं पर्यावरण संरक्षण का आदर्श केंद्र बनकर उभरेगी।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment