—Advertisement—

मध्यप्रदेश शासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot May 7, 2026

—Advertisement—

मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। मंत्रालय से 06 मई 2026 को जारी आदेश के अनुसार गृह, सामान्य प्रशासन, संस्कृति, विमानन तथा जनसंपर्क जैसे अहम विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के तहत वर्ष 1994 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री संजय कुमार शुक्ल को अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही उन्हें विमानन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। श्री शुक्ल अब तक सामान्य प्रशासन विभाग सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे थे।

वहीं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री शिवशेखर शुक्ल को अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें संस्कृति विभाग, स्वराज संस्थान न्यास, भारत भवन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग तथा कर्मचारी चयन मंडल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इसे प्रशासनिक अनुभव और सांस्कृतिक प्रबंधन के लिहाज से महत्वपूर्ण नियुक्ति माना जा रहा है।

इसी क्रम में वर्ष 2012 बैच के आईएएस अधिकारी श्री अरविंद कुमार दुबे को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ संचालक, जनसंपर्क मध्यप्रदेश, भोपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वर्तमान में वे मुख्यमंत्री कार्यालय तथा मध्यप्रदेश राज्य कृषि उद्योग विकास निगम से जुड़े दायित्व निभा रहे हैं।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment