डिंडौरी न्यूज। जिले के गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे एक बार फिर खौफनाक सड़क हादसे का गवाह बना। रफ्तार के कहर ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि एक तेज रफ्तार कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रतना गांव के पास यह भीषण दुर्घटना हुई, जहां कार और पिकअप के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल का मंजर ही हादसे की भयावहता बयां कर रहा था—टूटी-फूटी गाड़ियां और बिखरे मलबे के बीच साफ नजर आ रहा था कि रफ्तार किस कदर बेकाबू थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अमरकंटक–जबलपुर हाईवे पर लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं अब चिंता का बड़ा कारण बनती जा रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही गाड़ासरई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है।









